नादौन में भारी बारिश के कारण गलियों में हुआ जलभराव व चैंबर निर्माण का विरोध करते हुए वार्ड एक के न?
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। गली में बारिश का पानी भरने से नाराज लोगों ने सोमवार को हंगामा कर दिया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी की। नगर पंचायत अध्यक्ष तरुण कपिल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करवाया। लोगों ने आरोप लगाया कि सीवरेज के कारण पुराना बस अड्डा से अस्पताल चौक तक खोदी गई सड़क पर तल से करीब डेढ़ फुट ऊंचे चैंबर बनाए हैं। अब चैंबर की ऊंचाई के आधार पर सड़क को पक्का किया जा रहा है।
इससे आसपास की छोटी संपर्क गलियां सड़क से करीब दो फुट नीचे रह गई है। सोमवार सुबह वर्षा से इन गलियों में काफी मात्रा में जलभराव हो गया और यह स्थिति देखकर लोग भारी वर्षा के बीच लोग एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि विभागीय उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें।
लोगों ने कहा कि यदि सड़क की ऊंचाई बढ़ गई तो आने वाले समय में लोगों को परेशानी हो सकती है। नगर पंचायत अध्यक्ष तरुण कपिल ने कहा कि विभागीय अधिकारी जायजा लें। उन्होंने कहा कि मामले का उचित समाधान तक सड़क का कार्य रोका जाएगा। वहीं, जलशक्ति विभाग के एसडीओ राकेश सोनी ने कहा कि मामले को शीघ्र ही सुलझा लिया जाएगा।