हमीरपुर में बारिश के दौरान छाता लेकर वन रक्षक की भर्ती के लिए बड़ू मैदान में पहुंचे अभ्यर्थी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू के खेल मैदान में चल रही वन रक्षक भर्ती में वीरवार को बारिश ने खूब खलल डाला। विभाग ने रोजाना की तरह तीसरे दिन वीरवार भी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए 925 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर भेजे थे, लेकिन दिनभर बारिश रहने के चलते मैदान में पानी भर गया। जिसके चलते ग्राउंड टेस्ट का आयोजन नहीं हो पाया।
अब 23 सितंबर को बुलाए गए अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा सबसे अंत में 13 अक्तूबर को करवाई जाएगी। वहीं, इस भर्ती में ऊना जिला और कांगड़ा जिला के देहरा वन उपमंडल से भी महिला और पुरुष अभ्यर्थी पहुंचे थे, लेकिन बारिश ने इनके अरमानों पर पानी फेर दिया। सभी अभ्यर्थियों को मायूस होकर अपने घरों को लौटना पड़ा।
वन सर्कल हमीरपुर में वन रक्षकों के कुल 37 पद भरे जाने हैं। जिसके लिए विभाग की ओर से बडू मैदान में 21 सितंबर से 12 अक्तूबर तक शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। विभाग में इन पदों के लिए कुल 18163 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। ग्राउंड टेस्ट में उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बाद में लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। उधर, वन विभाग के मुख्य अरण्यपाल प्रदीप ठाकुर ने बताया कि बारिश के चलते वीरवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन नहीं हो पाया।