हमीरपुर। जिला पुलिस ने कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों के चलते जनवरी माह में स्थगित हुई पुलिस भर्ती का संशोधित शेडयूल जारी किया है। पांच जनवरी को जिन 683 पुरुष अभ्यर्थियों की केवल शारीरिक मानक परीक्षा रह गई थी वे शारीरिक मानक परीक्षा अब 18 फरवरी को आयोजित की जाएगी। इन सभी 683 पुरुष अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेज दिया गया है। इस प्रकार पूर्व में चार जनवरी को जिन 270 महिला अभ्यर्थियों की केवल शारीरिक दक्षता परीक्षा लंबित रह गई थी तथा जिन 1238 महिला अभ्यर्थियों को चार जनवरी को रिपोर्ट करने के लिए बुलाया गया था और वे खराब मौसम के कारण पंजीकृत नहीं हो पाई थीं, उन सभी महिला अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानक परीक्षा में भाग लेने के लिए 19 फरवरी को बुलाया गया है।
पूर्व में जिन शेष बचे हुए पुरुष अभ्यर्थियों को आठ से 11 जनवरी तक शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानक परीक्षा में भाग लेने के लिए बुलाया गया था उनको अब इस परीक्षा में भाग लेने के लिए 20 से 23 फरवरी तक बुलाया गया है। सभी अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संशोधित शेडयूल का एसएमएस भेजा गया है। जिन पुरुष ड्राइवर अभ्यर्थियों का ड्राइविंग कौशल परीक्षण अभी तक नहीं हुआ है उनको ड्राइविंग कौशल परीक्षण की तिथि निर्धारित होने पर दूरभाष के माध्यम से सूचित कर दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को उसका एडमिट कार्ड एसएमएस के माध्यम से प्राप्त नहीं होता है तो वह एसपी कार्यालय से संपर्क कर सकता है।