कर्मचारियों को क्षय रोग मुक्ति की शपथ दिलाते सीएमओ डॉ. अग्निहोत्री।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सीएमओ कार्यालय में विश्व क्षयरोग दिवस पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। डॉ. अग्निहोत्री ने बताया कि हमीरपुर जिले को क्षय रोग में बेहतर काम करने के लिए दिल्ली में सिल्वर मेडल से नवाजा गया है। यह गर्व की बात है। यह समस्त कर्मचारियों के सहयोग एवं जिलाधीश के गतिशील नेतृत्व में सफल हो पाया है। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी कर्मचारियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि भारतवर्ष को 2025 तक टीबी मुक्त बनाने के लिए हमें और ज्यादा प्रयास करने पड़ेंगे। ज्यादा से ज्यादा लोगों के टेस्ट करने होंगे और लोगों को टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूक करना पड़ेगा। तभी हम मिलकर इस लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता ने बताया कि टीबी के मरीजों के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। टीबी का इलाज बिल्कुल मुफ्त किया जाता है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी कर्मचारियों को टीबी मुक्त हिमाचल बनाने के लिए अपने प्रयासों को सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई।