हमीरपुर। स्थानीय अस्पताल चौक पर नगर निगम द्वारा बनाए गए कांप्लेक्स की करीब पांच दुकानें और हॉल किराये पर नहीं चढ़ पाए हैं। दो वर्ष बीत जाने के बाद भी इन दुकानों को लेकर लोगों में रुचि नहीं दिखाई दे रही है।
इससे नगर निगम की दूसरी बार होने वाली नीलामी पर भी संशय बना हुआ है। नगर निगम ने अस्पताल चौक पर लाखों रुपये की लागत से दस से अधिक दुकानें निर्मित की थीं, जिनमें से कुछ दुकानें पहले ही किराये पर दी जा चुकी हैं। हालांकि दूसरी मंजिल पर स्थित तीन दुकानें और दो हॉल अभी तक खाली पड़े हैं।
पिछले वर्ष आयोजित नीलामी में भी इन दुकानों और हॉल के लिए किसी ने बोली नहीं लगाई थी। बताया जा रहा है कि ये दुकानें दूसरी मंजिल पर होने के कारण व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त नहीं मानी जा रही हैं, हालांकि इन्हें कार्यालय उपयोग के लिए बेहतर स्थान बताया जाता है।
नगर निगम ने इन दुकानों के लिए तीन से पांच हजार रुपये तक की बोली राशि तय की है, बावजूद इसके अब तक कोई भी व्यक्ति इन्हें किराए पर लेने के लिए आगे नहीं आया है। अब देखना होगा कि आगामी नीलामी में नगर निगम को सफलता मिलती है या नहीं।
कोट :
नगर निगम के तहत अस्पताल चौक पर दुकानों और हॉल की नीलामी की जानी है। पिछली बार भी किसी ने इन दुकानों के लिए बोली नहीं लगाई थी। यह बोली इस माह के अंतिम सप्ताह में रखी गई है।
-राम प्रसाद शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर