बलोखर में स्थित कृषि विक्रय केंद्र का किया जा रहा मरम्मत कार्य। स्रोत : कृषि विभाग
हमीरपुर। जिले में जर्जर हालत वाले कृषि विक्रय केंद्रों की मरम्मत शुरू हो गई है। कृषि विभाग की ओर से तीन कृषि विक्रय केंद्रों की मरम्मत कार्य पर करीब साढ़े 11 लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है।
यह कृषि विक्रय केंद्र बलोखर, कांगू और लुद्दर महादेव में हैं। इनकी खराब हालत को देखते हुए विभाग ने इनके सुधार के लिए बजट स्वीकृत किया है। तीनों केंद्रों की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य शुरू हुए। इस कार्य में भवन की मरम्मत, छत की दुरूस्ती, फर्श सुधार, पेंटिंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इन केंद्रों के सुधार से क्षेत्र के किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। किसानों को खाद, बीज और अन्य कृषि संबंधी सामग्री प्राप्त करने में आसानी होगी, जिससे उनकी कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक यह केंद्र लंबे समय से जर्जर स्थिति में थे। विभाग की ओर से इनकी सुध नहीं ली जा रही थी। किसानों को बीज सहित अन्य कृषि सुविधाएं लेने में दिक्कतें आ रहीं थीं।
कोट
तीन कृषि विक्रय केंद्रों की मरम्मत को समय पर पूरा कर लिया जाएगा। पहले की भांति यहां पर किसानों को बीज सहित अन्य सुविधाएं मिलना शुरू होंगी।
-डीडी शर्मा, उपनिदेशक, कृषि विभाग हमीरपुर