नादौन चौक पर बने फुटपाथ पर अतिक्रमण हावी, राहगीर परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर के नादौन चौक को बनाए अभी तक दो वर्ष भी पूरे नहीं हुए हैं लेकिन फुटपाथ के टूटने का सिलसिला जारी है। एक ओर फुटपाथ पर अतिक्रमण, दूसरी ओर लगातार टूटती हुई टाइलें राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। दो वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग ने नादौन चौक पर फुटपाथ के निर्माण कार्य के लिए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटवाया था ताकि बाजार में आने वाले लोगों को सड़क के बजाय किनारे पर चलने के लिए फुटपाथ मिल सके। इससे पूर्व फुटपाथ न होने से सड़क मार्ग पर पैदल चलने वाले राहगीरों को हर समय हादसे का खतरा सताता रहता था। अब फुटपाथ का निर्माण कार्य होने के बाद देखरेख न होने से फुटपाथ जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो रहा है।
फुटपाथ जिला मुख्यालय के साथ धर्मशाला-शिमला मार्ग पर नादौन चौक पर स्थित है। दिनभर सैकड़ों की संख्या में इस मार्ग से वाहन गुजरते हैं। वाहनों के अत्यधिक दबाव के चलते राहगीरों के लिए सड़क पार करना और सड़क किनारे पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। फुटपाथ पर अतिक्रमण और खस्ताहाल टाइलों के कारण हादसों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों विकास पठानिया, सुरेंद्र शर्मा, प्रताप ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह और प्रदीप ठाकुर ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि फुटपाथ का मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा किया जाए ताकि लोगों को चलने-फिरने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उधर, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ संजय कटोच ने कहा कि फुटपाथ के टूटने को लेकर कोई भी शिकायत नहीं आई है। स्पॉट पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा ताकि मरम्मत कार्य करवाया जा सके।