पेवर टाइलें उखाड़ कर डाली गई थी बजरी, निर्माण कार्य अधूरा
निर्माण के अगले दिन बारिश से बही थी बजरी, वाहन चालक और लोग परेशान
फिसलन और हादसों की शिकायत के चलते यहां पर उखाड़ी गई है पेवर टाइलें
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर तीन में एक माह के भीतर ही संपर्क रास्ते में डाली गई बजरी उखड़ गई है। हमीरपुर शहर से प्रतापनगर के इस रास्ते पर पेवर टाइलों को उखाड़ कर बजरी डाली गई थी। चढ़ाई होने के चलते पेवर टाइलों पर दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे थे। इस वजह से टाइलों को उखाड़ कर यहां पर बजरी डाली गई थी।
लोगों की सुविधा के लिए लाखों रुपये खर्च कर कार्य तो किया गया लेकिन हालात जस के तस हैं। बजरी उखड़ गई है। ऐसे में दोबारा यहां पर दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार होना शुरू हो गए हैं। लोगों को यहां पर आने-जाने में दिक्कत हो रही है। बजरी डालने का कार्य भी पूर्ण रूप से नहीं किया गया है। बीते माह जब इस कार्य को शुरू किया गया तो बारिश में डाली गई बजरी बह गई। रास्ता पक्का नहीं हो सका है। निर्माण कार्य के दौरान रास्ते के दोनों किनारे पर उखाड़ी गई पेवर टाइलें फेंकी गई हैं। इन टाइलों को यहां से नहीं हटाया गया है। इससे रास्ता तंग हो गया है। लोगों का कहना है कि दो बार सरकारी पैसा यहां पर खर्च कर दिया गया है लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों रत्न चंद, रामस्वरूप, अश्वनी, राजेंद्र और जोंगिद्र ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग उठाई है। इनका कहना है कि यह रास्ता प्रतापनगर से बाजार पहुंचने का मुख्य रास्ता है। ऐसे में लोगों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। इस रास्ते से स्कूल के बच्चे भी जाते हैं। निर्माण सामग्री भी रास्ते पर फेंकी गई है। ऐसे में दुपहिया वाहन चालकों के लिए दिक्कतें बढ़ गई हैं। पेवर टाइलों पर फिसलन के चलते यहां पर हादसे हो रहे थे। अब आधे अधूरे निर्माण कार्य से यह खतरा दोगुना हो गया है। संपर्क रास्ते का कार्य पूरा होने से पहले ही यहां पर डाली गई अधिकतर बजरी उखड़ गई है जिससे रास्ते में गड्ढे पड़ गए हैं।
कोट्स
नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर तीन की पार्षद डिंपलबाला ने कहाा कि इस संदर्भ में अधिकारियों से बातचीत की गई। जल्द ही समस्या का समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। संपर्क रास्ता हमीरपुर बाजार तक पहुंचने का स्थानीय लोगों के अहम जरिया है।
नगर परिषद हमीरपुर के कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर ने कहा कि यह समस्या उनके ध्यान में है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। बारिश की वजह से यहां पर दिक्कत पेश आई है। यहां पर फेंकी गई निर्माण सामग्री को भी जल्द ही उठा दिया जाएगा।