प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरेड़ी में आए रोगियों व तामीरदारों ने डाक्टरों की हड़ताल का किया समर्थन
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के स्वास्थ्य केंद्रों में दूसरे दिन भी चिकित्सकों की पेन डाउन हड़ताल का लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं पर असर पड़ने लगा है। चिकित्सकों की मांगों को पूरा करवाने के लिए रोगी व तीमारदार भी आगे आए हैं और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांगों को मानने का आग्रह किया है। बुधवार को भोरंज विधानसभा क्षेत्र के सिविल अस्पताल भोरंज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाहू, भरेड़ी, महल-भ्याड़, बलोखर, मैड़ बगवाड़ा में अढ़ाई घंटे पेन डाउन हड़ताल रही। जबकि, सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक स्वास्थ्य केंद्र में रोगियों को संख्या अधिक रहती है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरेड़ी में उपचार करवाने आए राजेश कुमार, अनिल कुमार, संजीव कुमार, कश्मीरा देवी, सरीता देवी, चंपा देवी, संजो देवी, बिमला देवी, आरती और अन्य ने मांगों को लेकर चिकित्सकों की हड़ताल का समर्थन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की मांगे जायज हैं। इसे सरकार को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना चाहिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरेड़ी के प्रभारी डॉ. वेंकटेश्वर ने कहा कि एनपीए बहाल करने की मांग को लेकर बुधवार को अढ़ाई घंटे पेन डाउन हड़ताल रही है। जब तक सरकार मांगों को नहीं मानती है, अढ़ाई घंटे पेन डाउन हड़ताल जारी रहेगी।