विद्यार्थियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के लगे हैं आरोप
अभिभावकों ने स्कूल पहुंच कर किया प्रधानाचार्य के खिलाफ प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर ( हमीरपुर)। थाना क्षेत्र के तहत एक सरकारी स्कूल में कथित तौर पर प्रधानाचार्य पर विद्यार्थियों से अभद्र भाषा में बातचीत करने के आरोप लगे हैं। प्रधानाचार्य पर इससे पहले भी स्कूल में एक छात्रा के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप लगे हैं। प्रधानाचार्य को पुलिस थाना में जाकर माफीनामा तक मांगना पड़ा था लेकिन शिक्षा विभाग के ढुलमुल रवैया के कारण प्रधानाचार्य के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
ताजा मामले में स्कूल के प्रधानाचार्य ने दसवीं कक्षा के छात्रों के साथ अभद्र भाषा का उपयोग किया। इसके चलते स्कूली छात्राओं के अभिभावकों ने स्कूल में जमकर प्रधानाचार्य के खिलाफ नारेबाजी की और धरना प्रदर्शन किया। लोगों की ओर से इसकी सूचना शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर को दी गई। सूचना मिलते ही उच्च शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर अनिल कौशल मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाया। उन्होंने अभिभावकों को प्रधानाचार्य के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। दसवीं कक्षा की छात्रा ने बताया कि प्रधानाचार्य ने दो दिन पहले उनके साथ अभद्र भाषा का उपयोग किया है और उन्हें फेल करने की धमकी भी इस दौरान दी गई है।
स्थानीय बीडीसी सदस्य गुरुदेव सिंह ने बताया कि इससे पहले भी प्रधानाचार्य के खिलाफ दुर्व्यवहार के मामले सामने आए हैं। कई स्कूली छात्रों ने स्कूल को अलविदा कह दिया है। मौजूदा समय में स्कूल में केवल 70 विद्यार्थी ही शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं लेकिन प्रधानाचार्य की वजह से लोग आए दिन अपने बच्चों को स्कूल से बाहर निकल रहे हैं
शिक्षा उपनिदेशक अनिल कौशल ने बताया कि लोगों की शिकायत के आधार पर स्कूल में पहुंचकर मामले की जानकारी हासिल की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही शिक्षा विभाग की ओर से उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।