हमीरपुर। एक सप्ताह पहले एसडीएम कार्यालय हमीरपुर तो अब ग्राम पंचायत अमरोह शराब को लेकर सुर्खियों में है। बुधवार को ग्राम पंचायत अमरोह के सचिव को नशे की हालत में पाया गया। संबंधित पंचायत सचिव पूर्व में इसी पंचायत में और उससे पूर्व ग्राम पंचायत सासन में भी शराब का सेवन करते हुए पाया गया था। तब इसको चार्जशीट कर इसकी इंक्रीमेंट भी रोकी गई थी, लेकिन उसके बावजूद आदत में सुधार नहीं हुआ।
बुधवार को पंचायत में ग्राम सभा रखी थी, लेकिन पंचायत सचिव सुबह ही शराब पीकर टल्ली होकर पंचायत घर पहुंच गया। कुछ देर कुर्सी पर बैठने के बाद वह बेसुध होकर जमीन पर लेट गया। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने बीडीओ हमीरपुर को सूचना दी। बीडीओ हमीरपुर मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी का मेडिकल करवाया, जहां शराब की पुष्टि हो गई। इससे पूर्व 30 दिसंबर को एसडीएम कार्यालय के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को पुलिस ने 22 बोतल शराब के साथ दबोचा था।
पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ एक्साइज एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी के दोनों स्कूटर को जब्त किया था। इस मामले में आगामी कार्रवाई के लिए एसडीएम हमीरपुर ने उपायुक्त हमीरपुर को फाइल भेजी हुई है, लेकिन अब बुधवार को एक नया मामला सामने आ गया। जिले में नशे की प्रवृत्ति के मामले थमने के नाम नहीं ले रहे।
उधर, बीडीओ हमीरपुर अस्मिता ठाकुर ने कहा कि ग्राम पंचायत अमरोह का पंचायत सचिव शराब पीकर पंचायत घर पहुंचा था। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई है। उसका मेडिकल करवाया गया है। अब उच्चाधिकारियों को आगामी कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा।