नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन के पूर्व प्रधान तरसेम कपिल के घर में मंगलवार को आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। वहीं, हलका पटवारी ने भी मौके का जायजा लेकर नुकसान का आकलन किया गया है। पीड़ित तरसेम कपिल ने बताया कि आग के कारणों का कुछ भी पता नहीं लग सका है।
यह आग घर की दूसरी मंजिल पर लगी। आग बुझाने के लिए स्थानीय दुकानदारों एवं पड़ोसियों ने बड़ी मशक्कत की और आग पर काबू पाया। घर में रखे पीतल के बड़े बर्तन सहित टीवी, फ्रिज और घर का अन्य सामान जलकर राख हो गया। जबकि, कुछ सामान उपयोग में लाने के काबिल नहीं बचा। बता दें कि नादौन शहर में आग लगने की कई घटनाएं हो चुकी हैं और अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग भी काफी बार उठी है, क्योंकि फायर ब्रिगेड की गाड़ी 30 किलोमीटर दूर हमीरपुर से आती है। जब तक गाड़ी नादौन में पहुंचती है, काफी नुकसान हो चुका होता है।
स्थानीय निवासियों ने सरकार से नादौन में जल्द से जल्द अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग की है। इस घटना के नुकसान का जायजा हलका पटवारी विश्वेश शर्मा ने लिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही नुकसान का आकलन कर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट सौंप देंगे, ताकि पीड़ित परिवार के नुकसान की भरपाई हो सके।