हमीरपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत हमीरपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खुलने वाली उचित मूल्य की 4 दुकानों के लिए 22 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत चलोह के गांव धैल, ग्राम पंचायत क्याराबाग के गांव सुनवीं ब्राह्मणा, ग्राम पंचायत दैण के गांव दैण और ग्राम पंचायत हणोह के गांव जड़ोह में उचित मूल्य की एक-एक दुकान खोली जाएगी। पहले ग्राम पंचायत हणोह के गांव फखडूही में उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे, लेकिन पंचायत के प्रस्ताव के अनुसार अब यह दुकान जड़ोह में खोली जाएगी। इसलिए, पूर्व में फखडूही के लिए प्राप्त आवेदनों पर भी जड़ोह की दुकान के आवंटन के समय विचार किया जाएगा।
इन दुकानों के लिए इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं वेबसाइट एमर्जिंगहिमाचल.एचपी.जीओवी.इन (सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम) पर 22 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक पास रखी गई है। आवेदन के साथ मैट्रिक का प्रमाण पत्र, उच्च शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र, वित्तीय स्थिति, दुकान की उपलब्धता और भंडारण क्षमता से संबंधित सत्यापित दस्तावेज अपलोड किए जाने चाहिए। पूर्व सैनिक या शिक्षित बेरोजगार होने पर परिवार के किसी भी अन्य सदस्य के नियमित सरकारी रोजगार में न होने का प्रमाण पत्र होना चाहिए। आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला नियंत्रक कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222335 पर संपर्क किया जा सकता है।