हमीरपुर में नेशनल अचीवमेंट सर्वे के तहत टेस्ट में भाग लेते विद्यार्थी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिलाभर के 176 स्कूलों में शुक्रवार को नेशनल अचीवमेंट सर्वे टेस्ट का आयोजन किया गया। इसके लिए 270 फील्ड निरीक्षक तैनात किए गए थे। इस सर्वे का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर सीबीएसई की ओर से करवाया गया। इस दौरान तीसरी, पांचवीं, आठवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों की शिक्षा के स्तर का मूल्यांकन करने के लिए टेस्ट लिया गया। कक्षा तीसरी, पांचवीं के विद्यार्थियों का टेस्ट डेढ़ घंटे हुआ। जबकि, कक्षा आठवीं तथा दसवीं के विद्यार्थियों का टेस्ट दो घंटे में लिया गया। यह सारी प्रक्रिया सुबह साढ़े सात से शुरू हो गई और दो बजे तक चली।
इस दौरान जिन निरीक्षकों का सेंटर दूर था, उन्हें पिछले दिन ही भेज दिया गया था और उनके रहने का भी उचित प्रबंध किया गया था। वहीं, अन्य सुबह ही स्कूल पहुंचे, ताकि सर्वे के तहत सारी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से की जा सके। जिला शिक्षा विभाग के सामुदायिक विभाग के समन्वयक सुनील कुमार ने कहा कि इस नेशनल अचीवमेंट सर्वे टेस्ट के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया था, ताकि किसी को भी कोई परेशानी हो तो वह तुरंत प्रभाव से ठीक की जा सके।
टेस्ट शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। कहीं से भी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। वहीं, जिला नोडल अधिकारी डाइट के प्रधानाचार्य धर्मपाल ने कहा कि सभी स्कूलों में टेस्ट शांतिपूर्ण ढंग से हो गया। इसमें डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य को समन्वयक बनाया गया था। उन्होंने शिक्षा विभाग के सभी समन्वयकों, कार्यकर्ताओं और निरीक्षकों का इस सफलतापूर्वक आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।