सुजानपुर (हमीरपुर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को सुबह साढ़े दस बजे सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंच रहे हैं। वह आठ साल में दूसरी बार सुजानपुर आ रहे हैं। इससे पूर्व वह 16 फरवरी 2014 को सुजानपुर आए थे। अब बुधवार को प्रधानमंत्री की रैली को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा हाईकमान ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस की कड़े पहरे में यह चुनावी जनसभा होगी।
सुजानपुर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। करीब 800 जवान इस जनसभा के दौरान मौजूद रहेंगे। हेलिकाप्टर की ट्रायल लैंडिंग की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। वहीं, प्रधानमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक प्लान में बड़े बदलाव किए गए हैं। दूसरी ओर प्रधानमंत्री की रैली को लेकर भाजपा ने पूरी तरह से शहर को भगवा रंग में रंग दिया है। संसदीय क्षेत्र के सभी 17 मंडलों के पदाधिकारी इस रैली में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की यह जनसभा सुजानपुर से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रणजीत सिंह राणा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कितनी मददगार साबित होती है, यह आने वाले समय में ही पता चलेगा। लेकिन, सुजानपुर में देश के प्रधानमंत्री के पहुंचने से कांग्रेस नेताओं के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस तरह रहेगा ट्रैफिक प्लान
हमीरपुर व नादौन से आने वाली बसों व भारी वाहनों के लिए रैली में भाग लेने वाली जनता को सिद्धू चौक और डोली चौक में उतारा जाएगा। बसों की पार्किंग पलाही खड्ड के समीप होगी। जबकि, छोटे वाहन सरकारी आईटीआई की तरफ जाने वाली सड़क के किनारे खड़े रहेंगे। इसी तरह से जिला कांगड़ा आलमपुर की ओर से आने वाली बसों को व्यास नदी पुल के समीप रोका जाएगा। यहां से पैदल चलकर जनसभा तक जनता पहुंचेगी। इसी तरह से संधोल मंडी की ओर से आने वाले भारी वाहन व बस को व्यास नदी के पुल के समीप पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जबकि, वाहनों के लिए पलाही खड्ड के समीप पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। चौरी व पटलांदर की ओर से आने वाले वाहन खडोला खड्ड के पास खड़े होंगे।
इन सामान के साथ सभा स्थल पर नहीं होगी एंट्री
सुरक्षा की दृष्टि से बैग, हैंडबैग, कीमती सामान, पानी की बोतलें, बीड़ी, सिगरेट, लाइटर, माचिस, खाने के पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री कार्यक्रम में ले जाने की मनाही रहेगी। हालांकि, मोबाइल फोन ले जाने पर कोई पाबंदी नहीं है।