बिझड़ी (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महारल की लाइब्रेरी से एक कुर्सी गुम हो गई। करीब तीन सप्ताह पहले गायब हुई इस कुर्सी की पड़ताल खूब हुई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसका पता चलने पर प्रधानाचार्य को इसकी लिखित शिकायत उच्च शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर को करनी पड़ी है। शिकायत के बाद उच्च शिक्षा उपनिदेशक की ओर से गठित एक कमेटी शुक्रवार को महारल स्कूल में पहुंची और जांच की। हालांकि, शिकायत की भनक लगते ही कुर्सी भी मिल गई।
बताया जा रहा है कि लाइब्रेरी से कुर्सी गायब होने पर एक शिक्षक पर शंका जताई गई और उसी अध्यापक के कमरे से यह कुर्सी भी मिल गई। उधर, जांच कमेटी ने स्कूल स्टाफ के बयान कलमबद्ध किए हैं तथा रिपोर्ट बनाकर उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर को सौंपी है। महारल स्कूल के प्रधानाचार्य सुखदेव कालिया ने कहा कि स्कूल की लाइब्रेरी से कुर्सी गायब होने के मामले में उच्च शिक्षा निदेशक हमीरपुर की ओर से नियुक्त की गई कमेटी जांच कर रही है। शुक्रवार को जांच कमेटी ने जांच शुरू की है। जांच की रिपोर्ट में क्या पाया गया है, यह जांच अधिकारी ही बता सकते हैं।