Miscreants removed speed breakers from Bhaleth Pul in Sujanpur
सुजानपुर (हमीरपुर)। हमीरपुर-सुजानपुर मुख्य मार्ग के तहत 10 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित भलेठ पुल के ऊपर से शरारती तत्वों ने अवरोध हटा दिए हैं। इससे पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। मगर लोक निर्माण विभाग ने इस आवाजाही को गैर कानूनी बताया है।
विभाग का कहना है कि जब तक पुल का लोकार्पण नहीं हो जाता, तब तक पुल के ऊपर से वाहन नहीं गुजर सकता। इसको लेकर पुल के ऊपर से वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए दोनों छोर पर अवरोधक लगाए थे। मगर शरारती तत्व इन अवरोधकों को हटाकर शुक्रवार को पुल के ऊपर आवाजाही शुरू कर दी।
केंद्रीय सड़क प्रोजेक्ट के तहत 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया गया था। यह पुल लंबे समय से तैयार है और स्थानीय लोग भी वाहनों की आवाजाही शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
मगर विभाग काम शेष बचने का तर्क दे रहा है। लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता परमिंद्र ठाकुर ने बताया कि अभी तक पुल की अप्रोच वॉल का कुछ काम बाकी है। मगर कुछ शरारती तत्वों ने पुल पर लगाए अवरोधकों को हटाकर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी है, जोकि गलत है। विभाग इस पर कार्रवाई करेगा।