निर्माण कार्य पर 15 लाख रुपये का बजट होगा खर्च
झमाकड़ा सहित हिमाचली संस्कृति को किया जाएगा प्रदर्शित
वर्षाशालिका में एसी सहित बैठने के लिए रहेगी उचित व्यवस्था
शालिका में एलईडी के साथ पार्क का किया जाएगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर के सबसे अधिक व्यस्त भोटा चौक पर अब मिनी बस अड्डे का निर्माण होगा। नगर परिषद हमीरपुर की ओर से प्रथम चरण में चौक पर स्थित वर्षाशालिका का जीर्णोद्धार कार्य शुरू करवा दिया है। दो माह के भीतर वर्षाशालिका के साथ चौक पर मिनी बस अड्डे का निर्माण होगा। इससे यात्रियों को बसों का इंतजार करने और राहगीरों को विश्राम करने के लिए उचित सुविधा मिलेगी। निर्माण कार्य को लेकर नगर परिषद ने 15 लाख रुपये का बजट खर्च करने का प्लान तैयार किया गया है। तीन माह के अंतराल में चौक पर वर्षा शालिका, मिनी बस अड्डा और मिनी पार्क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जिससे शहर की सुंदरता को काफी बढ़ावा मिलेगा।
पूर्व में भोटा चौक पर वर्षाशालिका के खस्ताहाल होने से यात्रियों को बसों का इंतजार करने और राहगीरों को विश्राम करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके चलते शहरवासी नगर परिषद से लगातार वर्षाशालिका का कायाकल्प करने की मांग कर रहे थे। ऐसे में लोगों की मांग पर नगर परिषद की ओर से वर्षाशालिका का जीर्णोद्धार कार्य शुरू करवा दिया गया है। वर्षाशालिका के जीर्णोद्धार के बाद चौक पर अन्य विकासात्मक कार्यों सार्वजनिक शौचालय, मिनी बस अड्डा और पार्क में कांगड़ी नृत्य झमाकड़ा की कलाकृतियों के साथ हिमाचली संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा। पार्क के चारों ओर एलईडी लाइटें, कूलर, बेंच, सेल्फी प्वाइंट का भी निर्माण होगा। जिससे शहरवासियों को भी काफी सुविधा मिलेगी। भोटा चौक के बाद नगर परिषद की ओर से अस्पताल चौक के साथ लगती वर्षाशालिका का भी कायाकल्प किया जाएगा। जिससे अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कराने आने वाले लोगों को बैठने के लिए काफी सुविधा मिलेगी। इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि भोटा चौक पर वर्षाशालिका का जीर्णोद्धार कार्य शुरू हो गया है। जीर्णोद्धार कार्य के बाद चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू होगा। इसमें मिनी बस अड्डा और पार्क का निर्माण करवाया जाएगा।