आरोपी ढाबा संचालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
मेडिकल स्टोर संचालक से सदर थाना में दिनभर पूछताछ, नकद लेन-देन की भी आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हथली पुल के पास ढाबे से नशीली दवाओं की बिक्री के मामले में पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक को पुलिस थाने में पूछताछ के लिए तलब किया है। प्रारंभिक छानबीन में खुलासा हुआ है कि दस हजार की नारकोटिक्स ड्रग की खरीद एक मेडिकल स्टोर से आरोपी ढाबा संचालक ने की है। दस हजार की दवाइयों की खरीद के बिल पुलिस के हाथ लगे हैं। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से दस हजार रुपये के भुगतान के सबूत भी प्राप्त हुए हैं।
मामले में मेडिकल स्टोर के संचालक को सदर थाना हमीरपुर में पूछताछ के लिए तलब किया गया था। पुलिस मेडिकल स्टोर संचालक से इस पहलू पर पूछताछ कर रही है कि आखिर उसने किस आधार पर यह नारकोटिक्स ड्रग ढाबा संचालक को बेची हैं। पुलिस ने अब ढाबा संचालक के खिलाफ कोटपा एक्ट के साथ एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दिनभर मेडिकल स्टोर के संचालक से पुलिस ने पूछताछ की है। इसके अलावा आरोपी ढाबा संचालक से भी जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पूछताछ की है। इस मामले में अब अन्य मेडिकल स्टोर के रिकाॅर्ड को खंगालने की भी पुलिस ने तैयारी कर ली है। बिल और बैंकिंग भुगतान के अलावा मेडिकल स्टोर से हुए कैश लेनदेन की आशंकाओं पर पुलिस जांच चल रही है। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि दो माह में दस हजार के लेनदेन मेडिकल स्टोर से ढाबा संचालक के ऑनलाइन माध्यम से हुए है। दस हजार के बिल भी बरामद हुए हैं। मामले में पुलिस गंभीरता से छानबीन कर रही है। मेडिकल स्टोर के संचालक से भी पूछताछ की गई है। नकद लेनदेन की संभावनाओं को खंगाला जा रहा है।
यह है मामला
बीते सोमवार को मेडिकल काॅलेज हमीरपुर के समीप हथली खड्ड में दो युवकों को कुछ लोगों ने नशे का सेवन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। पुलिस जांच में युवकों ने बताया कि उन्होंने एक ढाबे से नशे के कैप्सूल खरीदे हैं। इस ढाबा संचालक के खिलाफ कोटपा एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था। ढाबा से तंबाकू के उत्पाद बरामद हुए थे। अब पुख्ता सबूतों के हाथ लगने पर एनडीपीएस का मामला दर्ज किया गया है।