14 सितंबर से पहली अक्तूबर तक होंगे कार्य
हमीरपुर। स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए हमीरपुर ब्लॉक की पंचायतों में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत 14 सितंबर से पहली अक्तूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके सफल आयोजन के लिए खंड विकास अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी खंड विकास अधिकारी किशोरी लाल ने की। उन्होंने आह्वान किया है कि ग्रामीण परिवेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने में ग्रामीणों से मिलकर 14 सितंबर से पहली अक्तूबर तक कार्य करें। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधि, ब्लॉक समिति सदस्यों, जिला परिषद के सदस्यों, महिला व युवक मंडल के सदस्यों और स्वयं सहायता समूहों का भी सहयोग लें। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि 14 सितंबर को पंचायत प्रतिनिधि, ब्लॉक समिति के सदस्य, जिला परिषद के सदस्य, महिला मंडल, युवक मंडल के सदस्य आदि स्वच्छता पर शपथ लेंगे। 15 सितंबर को सभी पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। उसके बाद पारंपरिक जल स्रोतों की साफ-सफाई की जाएगी और प्लास्टिक को एकत्रित किया जाएगा। वहीं, दो अक्तूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के खंड समन्वयक मनोरमा देवी सहित 31 पंचायतों के प्रधान व सचिव उपस्थित रहे।