शहीद अंकुश ठाकुर को श्रद्धाजंलि देते माता-पिता।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत गांव कड़ोहता के शहीद सिपाही अंकुश ठाकुर के परिवार को गुजरात की सेवा ईजे संपत्ति फाउंडेशन मोरबी की ओर से स्मृति चिह्न और एक लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। शहीद अंकुश ठाकुर के पिता अनिल ठाकुर ने बताया कि गुजरात में नवरात्रों के उपलक्ष्य पर ईजे संपत्ति फाउंडेशन मोरबी की ओर से 26 सितंबर से चार अक्तूबर तक शहीद जवानों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया था। इसमें देशभर के विभिन्न स्थानों पर शहीद हुए जवानों के परिवारों को सम्मानित किया।
इसी क्रम में गलवां घाटी में शहीद हुए जवानों के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शहीद जवानों में भोरंज के कड़ोहता गांव के शहीद अंकुश ठाकुर का नाम भी अंकित था। परिवार के सदस्यों ने अंकुश ठाकुर को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि शहीद अंकुश ठाकुर के दादा, परदादा, पिता भी सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
बाल्य जीवन की शुरुआत से ही सैन्य पारिवारिक वातावरण में होने से अंकुश ठाकुर ने भी वर्ष 2018 में सेना में अपनी सेवाएं शुरू की थी। उन्होंने अपने घर पर एक म्यूजियम बनाया हुआ है, जहां अंकुश की बचपन से शहीद होने तक की हरेक निशानी को संजो कर रखा है। शहीद अंकुश ठाकुर के इस सर्वोच्च बलिदान और साहस के लिए भारत के राष्ट्रपति की ओर से 26 जनवरी 2021 को मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया गया है।