राजकीय संस्कृत शिक्षक परिषद नादौन खंड कार्यकारिणी के पदाधिकारी चित्र में। स्रोत : संगठन
धनेटा (हमीरपुर)। हिमाचल राजकीय संस्कृत शिक्षक परिषद की ओर से नादौन खंड की कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न करवाए गए। यह चुनाव जिलाध्यक्ष नरेश मलोटिया की अध्यक्षता में आयोजित हुए।
चुनावी प्रक्रिया में नादौन खंड के लगभग 45 से 50 संस्कृत शिक्षकों ने भाग लिया। पूर्व प्रधान विनोद कुमार शर्मा ने कार्यकारिणी भंग करने की औपचारिक घोषणा के साथ निर्वाचन प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इसके उपरांत रंगस विद्यालय में कार्यरत संस्कृत शिक्षक दलीप सिंह ने हथोल विद्यालय में सेवाएं दे रहे संस्कृत शिक्षक डॉ. मनीष कुमार के नाम का प्रस्ताव अध्यक्ष पद हेतु रखा, जिसे ग्वालपत्थर के विनोद कुमार सहित अन्य सभी शिक्षकों ने सर्वसम्मति से समर्थन प्रदान किया।
चयनित अन्य पदाधिकारियों में रावमापा गलोड़ से राकेश कुमार को महासचिव, रावमापा गौना करौर से पंकज कुमार शर्मा को कोषाध्यक्ष, कन्या विद्यालय धनेटा से राधा को उपाध्यक्ष और कश्मीर से अशोक कुमार को संगठन मंत्री पद के लिए निर्वाचित किया गया। इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी अजय कौशल ने चुनावी प्रक्रिया का संचालन किया। निर्वाचन के उपरांत पांचों नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने पद की गोपनीयता और उत्तरदायित्वों के निर्वहन की शपथ ग्रहण की।