क्रिकेट स्टेडियम अमतर नादौन में हुआ क्रिकेट मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम अमतर नादौन में रविवार को सीनियर वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत टी-20 मुकाबले में मंडी ने कुल्लू को सात विकेट से शिकस्त दी। इससे पूर्व कुल्लू की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 152 रन बनाए। इसमें अभिनंदन ने नाबाद 20 रन बनाए। जबकि अमित और विजय ने 26, 26 तथा दक्ष ने 25 रन का योगदान दिया।
मंडी की ओर से गेंदबाजी करते हुए मेहुल और प्रशांत ने दो-दो, राहुल, हिमांशु तथा आयुष ने एक-एक विकेट लिया। जीत के लिए 152 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंडी की टीम ने 17.3 ओवर में तीन विकेट पर 156 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। इसमें राघव धवन ने 75 और एकांत ने 33 रन का योगदान दिया। कुल्लू की ओर से गेंदबाजी करते हुए दिव्यम चौधरी और शुभम शर्मा ने एक-एक विकेट हासिल किया। जबकि एक खिलाड़ी रन आउट हुआ। अंत में मंडी ने कुल्लू को सात विकेट से हराकर यह मुकाबला जीत लिया।