हमीरपुर। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी खेलकूद का नशा करें। खेल से जुड़ें और जीवन को स्वस्थ और सफल बनाएं। वह मंगलवार को लेफ्टिनेंट नरैण मेमोरियल पब्लिक स्कूल घडोह में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर स्कूल प्रबंधक प्रकाश शर्मा ने मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर को शॉल-टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। युवाओं को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने विस्तार से पुलिस के वार अगेंस्ट ड्रग्स अभियान और नशे के बढ़ते प्रभाव और इसके दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि आजकल नशे का स्वरूप बदल चुका है। सिंथेटिक नशा युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से खोखला बना रहा है। इस नशे ने कई परिवारों को तोड़ दिया है। इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशे की सप्लाई चैन को तोड़ने के लिए पुलिस स्टाफ दिन-रात कार्य कर रहा है। उन्होंने नशीली दवाओं के साथ झलाण में एक आरोपी को पकड़ने पर स्थानीय पंचायत प्रधान के प्रयासों को भी सराहा। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में झलाण पंचायत की प्रधान अमिता ठाकुर, बदारन पंचायत की प्रधान नीता चौधरी, किटपल पंचायत की प्रधान मीरां भारती, बसारल पंचायत के उपप्रधान सुरेंद्र मोहन बेदी, सेवानिवृत्त हेडमास्टर पीडी शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उन्होंने जिला पुलिस के प्रयासों की सराहना की और बच्चों को स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। स्कूल की प्रधानाचार्य सुमन लता ने कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में मुझे जिंदगी की एक महत्वपूर्ण सीख मिली है। नशे से दूर रहकर खेलकूद को अपनी जिंदगी में शामिल कर बेहतर मुकाम हासिल करने की प्रेरणा मिली है। -उदित, छात्र
समाज निर्माण में हर वर्ग के सहयोग की जरूरत है। यह सीख मुझे पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम से मिली। पुलिस नशे जैसी बुराई को खत्म करने के लिए कार्य कर रही है, जो सराहनीय है। -वशिंका, छात्रा
पाठशाला में पहुंच कर जिला पुलिस के अधिकारी बच्चों से संवाद कर रहे हैं। यह युवा पीढ़ी को नशे से बचाने में एक कारगर कदम है। पुलिस के सहयोग के लिए हर किसी को आगे आना चाहिए। - मोहिंद्र
नशे के खिलाफ जारी जंग में पुलिस के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। आम जनमानस का कर्तव्य है कि वह नशे की कुरीति को खत्म करने के लिए आगे आए और पुलिस का साथ दे। -अमिता ठाकुर, प्रधान, झलाण पंचायत
लेफ्टिनेंट नरैण मेमोरियल पब्लिक स्कूल घडोह में आयोजित अमर उजाला पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में