हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत कृष्णानगर में चोरी हुए गहने खरीदने के आरोपी आभूषण विक्रेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर वीरवार को न्यायालय में पेश किया है। यहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, आरोपी चोर को भी दो दिन की पुलिस रिमांड मिली है। कृष्णानगर में डॉक्टर दंपती के घर बालू गांव के एक युवक ने किराये का कमरा लेने के बहाने हाथ साफ किए थे।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जब रिमांड के दौरान पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने गहने 85 हजार में हमीरपुर के ही एक आभूषण विक्रेता को बेचे हैं। पुलिस ने उस आभूषण विक्रेता को भी बुधवार को गिरफ्तार किया और वीरवार को उसे कोर्ट में पेश किया। उधर, नाल्टी रोड पर होटल में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट से पांच दिन की रिमांड पर लिया है। आरोपी किन्हीं अन्य चोरियों में तो संलिप्त नहीं हैं, इस बात की भी गहनता से छानबीन की जा रही है। एसएचओ सदर राजेश कुमार ने कहा कि आभूषण विक्रेता और आरोपी दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।