बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल मुख्यालय बड़सर में रविवार को एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। घायल प्रदीप कुमार (51 वर्ष) बड़सर तहसील के ही नेरी गांव का रहने वाला है। प्रदीप कुमार ने बताया कि वह पहले पंजाब में ड्राइवर का काम करता था और अब बड़सर में दिहाड़ी मजदूरी करता था।
प्रदीप ने कहा कि कुछ दिन पहले वह काम करते समय छत से गिर गया था, जिससे उसके पांव में गंभीर चोट आई है और संक्रमण फैलने का खतरा भी बन गया है। बताया जा रहा है कि प्रदीप कुमार पिछले तीन दिनों से मैहरे बाजार में एक वर्षा शालिका में पड़ा हुआ था। किसी ने उसकी ओर ध्यान नहीं दिया। जब दर्द बढ़ा और वह चीखने-चिल्लाने लगा तो स्थानीय लोगों रमेश चंद, कृष्ण कुमार और मीडिया कर्मियों के सहयोग से प्रदीप कुमार को बड़सर अस्पताल पहुंचाया।
बड़सर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि प्रदीप कुमार की चोट काफी गहरी है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सर्जन की उपस्थिति के बाद घायल का आगे का उपचार किया जाएगा।