मेला समय अवधि तक मैदान के भीतर वाहन खड़े करने पर देना होगा शुल्क
जिला प्रशासन की ओर से मेला ड्यूटी में लगाए गए वाहन निशुल्क होंगे पार्क
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के चौगान में प्रस्तावित चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव आयोजन को लेकर तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। मंगलवार को मेला अधिकारी डॉ. रोहित शर्मा की अध्यक्षता में चौगान में वाहनों की पार्किंग के लिए खुली बोली का आयोजन किया गया। अंतिम बोली मनजीत सिंह निवासी सुजानपुर को 15 लाख में दी गई है। बोली के दौरान आधा दर्जन बोलीदाता मौके पर उपस्थित हुए। पांच लाख रुपये से सरकारी बोली शुरू हुई जो आगे बढ़ते हुए 15 लाख तक संपन्न हुई।
2023 होली मेले के लिए वाहन पार्किंग की बोली नौ लाख रुपये में संपन्न हुई थी। इस बार यह बोली 15 लाख में पूरी हुई। पार्किंग की खुली बोली से प्रशासन को सीधे छह लाख रुपये का मुनाफा हुआ है। प्रशासन की मानें तो वाहन पार्किंग की दर भी निर्धारित की गई है। घंटे के हिसाब से पार्किंग का शुल्क लिया जाएगा। पार्किंग 23 मार्च को होली मेले के शुभारंभ से होगी।