छह बजते ही बंद हुई हमीरपुर बाजार की दुकानें।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। स्थान: हमीरपुर जिला मुख्यालय। समय: शाम 6.00 बजे। गांधी चौक हमीरपुर से लेकर भोटा चौक तक सन्नाटा पसरा हुआ है। बीते वर्ष कोरोना के कारण लॉकडाउन के दौरान जो हालात थे, ठीक वैसे ही हालात वीरवार को नजर आए। सिर्फ दवाई और किराना की दुकानें ही खुली हुई थीं। शेष पूरा बाजार बंद रहा। बाजार बंद रहने से लोगों की चहल-कदमी भी शहर में न के बराबर रही।
शाम छह बजते ही हमीरपुर पुलिस थाना की एक गाड़ी लाउडस्पीकर के साथ शहर में दुकानें बंद करने के निर्देश देते हुई गई। वहीं, शराब ठेकों पर खूब भीड़ नजर आई। जिला प्रशासन ने वीरवार से शहर में सभी दुकानें सुबह छह से शाम छह बजे तक ही खोलने के आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों में दवाई, सब्जी विक्रेता, किराना और होटल संचालकों को छूट है। हालांकि होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा के भीतर बैठकर भोजन पर पाबंदी है।
इन आदेशों का जहां छोटे दुकानदारों ने पूरा पालन किया, वहीं रेस्टोरेंट समेत अन्य बड़े कारोबारियों ने नियमों की अवहेलना करते हुए रेस्टोरेंट के भीतर खाना परोसा। व्यापार मंडल हमीरपुर के प्रधान अनिल सोनी और प्रेस सचिव सुमित ठाकुर ने सभी कारोबारियों से प्रशासन के आदेशों का पालन करने की अपील की है। उधर, उपायुक्त हमीरपुर देवश्वेता बनिक ने कहा कि वीरवार को पहला दिन था, जिसके चलते इक्का दुक्का रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों ने खाना परोसा होगा, लेकिन इस बारे में पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं। नियमों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं होगी। लोगों का स्वास्थ्य प्राथमिकता है और स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ भी नहीं।