बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में गुरू पूर्णिमा के अवसर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद
बाबा बालक नाथ मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने किए पवित्र गुफा के दर्शन
शिवपुरी धाम समताना और सिद्ध चानो मंदिर समैला में विशाल चौकी का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी/दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। गुरु पूर्णिमा पर्व पर बड़सर उपमंडल में स्थित विश्व विख्यात बाल योगी बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को देश-विदेश से हजारों की संख्या में बाबा के भक्तों ने गुफा के दर्शन किए। इसके बाद गद्दीनशीन महंत के दर्शन कर नाम दान दीक्षा और सिद्ध संवाद में भाग लिया। नाम दान दीक्षा लेने के लिए सुबह सात बजे से ही महंत आवास में भीड़ जमा होना शुरू हो गई थी जो देर शाम तक रही।महंत आवास में प्रशासन की ओर से गुरु शिष्य परंपरा का निर्वहन करते हुए गुरु पूर्णिमा पर्व को धूमधाम से मनाया। शनिवार को भी हजारों की संख्या में भक्तों ने महंत से नाम दान दीक्षा प्राप्त की और शाम को बाबा की चौकी में बाबा का गुणगान किया।
रविवार को भी नाम दान दीक्षा जारी रही और जो भक्त पिछले कल नाम दान दीक्षा से वंचित रह गए थे उन्होंने आज महंत के दर्शन कर नाम दाम दीक्षा प्राप्त की। गुरु पूर्णिमा पर्व और श्रावण मास का रविवार होने के चलते शाहतलाई से लेकर बाबा की गुफा और महंत आवास तक भक्तों की भारी भीड़ रही। लगभग 35 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा की गुफा में अपना शीश नवाया। वहीं, सिद्ध चानो मंदिर समैला में भी गुरु पूर्णिमा के पर्व पर सैंकड़ों भक्तों ने नाम दान लिया। इस अवसर पर विशाल चौकी का भी आयोजन किया गया। इसमें पंजाब के मशहूर कलाकारों ने भक्तों का मनोरंजन किया। सैकड़ों भक्तों ने महंत चमन लाल से नाम दान दीक्षा ली और मंदिर में माथा टेका। इस अवसर पर अटूट भंडारे का भी आयोजन किया गया। उधर, शिवपुरी धाम समताना में हवन, नाम दान दीक्षा और भंडारे का आयोजन कर गुरु पूर्णिमा पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। हजारों भक्तों की उपस्थिति में पंडित शेखर सुमन के सानिध्य में भक्तों ने नाम दान दीक्षा ली और इस अवसर पर अटूट भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।