हमीरपुर। राजकीय टीजीटी कला संघ ने शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष से मांग की है कि सत्र 2026-27 से लागू की जा रही वन स्कूल, वन सिलेबस योजना और नई आवधिक आकलन प्रणाली से संबंधित विस्तृत अधिसूचना जल्द जारी की जाए।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कौशल, उपाध्यक्ष विजय बरवाल और महासचिव विजय हीर ने कहा कि शिक्षा बोर्ड ने पिछले शैक्षणिक सत्र में घोषणा की थी कि कक्षा दसवीं में वन स्कूल, वन सिलेबस योजना तथा कक्षा दसवीं, जमा एक और जमा दो में नई आवधिक आकलन प्रणाली सत्र 2026-27 से लागू की जाएगी। लेकिन नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाने के बावजूद अभी तक इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि आवधिक आकलन प्रणाली लागू की जानी है तो इसके लिए समय रहते शेड्यूल, विषयवार पाठ्यक्रम विभाजन, प्रश्न पत्र प्रारूप, अंक विभाजन और मूल्यांकन प्रक्रिया की स्पष्ट अधिसूचना जारी करना आवश्यक है, ताकि शिक्षकों और विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।