सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर की करेर पंचायत के गांव घनसुई में एक फैशन डिजाइनिंग की प्रशिक्षु युवती ने जहर खाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घर पर कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छानबीन जारी है।
कोमल शर्मा (20) पुत्री प्रदीप कुमार ने शनिवार सुबह करीब 7:30 पर जहर निगल लिया। माता-पिता खेतों में गेहूं काटने का कार्य करने इससे पहले निकल गए थे। घर पर कोमल और उसका बड़ा भाई ही मौजूद थे। कोमल हमीरपुर के एक संस्थान में फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही थी और उसका बड़ा भाई बणी में आईटीआई का छात्र है। दोनों अपने-अपने संस्थान जाने की तैयारी कर रहे थे कि अचानक कोमल ने जहर खा लिया। भाई ने जब बहन की तबीयत बिगड़ते देखी तो तुरंत परिजनों को घर बुलाया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। टांडा में उपचार के दौरान कोमल की मौत हो गई। हमीरपुर के एसएचओ राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और परिजनों ने भी कोई शक नहीं जताया है। पुलिस जांच कर रही है।