हमीरपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने वीरवार को जिले के होटलों, ढाबों, मिठाई की दुकानों के मालिकों के साथ बैठक का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता जिला खाद्य सहायक सुरक्षा आयुक्त अनिल शर्मा, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधुबाला, डीईओ संदीप शर्मा, वनीता शर्मा ने की। जिला खाद्य सहायक सुरक्षा आयुक्त अनिल शर्मा ने कहा कि बैठक के दौरान होटलों, ढाबों, मिठाई की दुकानों के मालिकों को पंजीकरण करवाने के बारे में जागरूक किया गया। वहीं, सभी दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के बारे में बताया गया।
जिले के सभी दुकानदार समय-समय पर अपने खाद्य पदार्थों के सैंपल चेक करवाते रहें ताकि उनकी दुकान में सभी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनी रहे। इसके साथ ही आदेश दिए कि सभी दुकानदार अपनी दुकानों में इस्तेमाल होने वाले पानी की टेस्टिंग 15 सितंबर से पूर्व करवाना सुनिश्चित करें ताकि कोई भी दुकानदार गंदे पानी का इस्तेमाल न करे। पानी की रिपोर्ट उनके पंजीकरण पोर्टल पर अपलोड की जानी है। सभी दुकानदार संबंधित विभाग से पानी की टेस्टिंग करवा लें। विभाग की ओर से 15 सितंबर के बाद इसकी चेकिंग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिस जगह पर हलवाई पकवान बना रहा होता है वहां अच्छी तरह के पेंट करवाएं, क्योंकि कई बार सीलन व कालिख के कारण भी नीचे रखे खाद्य पदार्थ खराब हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदारों को पंजीकरण करवाना अनिवार्य है और जिस किसी दुकानदार को ट्रेनिंग नहीं दी गई है, वह विभाग से संपर्क करे और अपनी ट्रेनिंग पूरी करे। उन्होंने कहा कि पंजीकरण करते समय यह सभी सर्टिफिकेट अपलोड किए जाने हैं। वहीं, सभी दुकानदारों को खाद्य पदार्थों के सैंपल चेक करवाने की मुफ्त सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।