जाहू (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के तहत निकली भर्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अभ्यर्थियों के लिए आफत बन गया है। अभ्यर्थी साइबर कैफे और लोकमित्र केंद्र में ऑनलाइन आवेदन करने के लिए तो पहुंच रहे हैं, परंतु फार्म भरने के बाद फीस जमा नहीं हो रही है। अभ्यर्थियों को बिना फीस भुगतान किए फार्म आधा अधूरा छोड़कर लौटना पड़ रहा है। आयोग ने 30 मई से प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में विभिन्न श्रेणियों के 1,508 पदों के लिए 30 जून तक आवेदन आमंत्रित किए हैं, लेकिन वेबसाइट में तकनीकी दिक्कतों के चलते अभ्यर्थी को निर्धारित समय के भीतर अपने फार्म भरने की चिंता सताने लगी है।
आयोग ने पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट, प्रयोगशाला सहायक, क्लर्क, जूनियर कार्यालय सहायक, लाइनमैन, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, ड्राइंग मास्टर, स्टेनो टाइपिस्ट, जूनियर इंजीनियर समेत अन्य पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे हैं। आवेदनकर्ता राजेश कुमार, सतीश कुमार, हेमराज, पदमा शर्मा, साहिल, पूजा शर्मा प्रदीप कुमार, सरोज कुमारी, कमलेश कुमारी, अशोक कुमार, राकेश कुमार, संतोष कुमार, उर्मिला शर्मा, कंचन कुमारी, रंजना देवी, अलोक सागर, सतीश, कमल शर्मा, संजय कुमार ने बताया कि पांच दिन से ऑनलाइन फीस जमा न होने की वजह से परेशानी हो रही है।
प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग की वेबसाइट पर दिए गए लैंडलाइन नंबरों पर कई बार कॉल करने के बाद भी कोई कर्मचारी फोन नहीं उठाता है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 नंबर पर फोन न उठाने और फीस ऑनलाइन जमा न होने की शिकायत दर्ज करवानेे के लिए जब कॉल की तो वहां से जवाब मिला कि कर्मचारी चयन आयोग की शिकायत दर्ज नहीं कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग की वेबसाइट में हर बार फार्म भरने में परेशानी आती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वेबसाइट में सुधार करवाया जाए और आयोग के लैंडलाइन नंबरों को उठाने के आदेश जारी किए जाएं। इस संबंध में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि कई बार अभ्यर्थी शुरू के दिनों में आवेदन करने के बजाय आखिरी दिनों में आवेदन करते हैं, जिससे वेबसाइट पर अत्यधिक दबाव के चलते ऐसी परेशानी आती है।