नारा पंचायत में बिजली बोल्टेज से जले इंडक्शन चूल्हे को दिखाता एक व्यक्ति।
- फोटो : Hamirpur-HP
गलोड़ (हमीरपुर)। बिजली उपमंडल गलोड़ के तहत आने वाली ग्राम पंचायत नारा के गांव नारा जियाणा और खरूणी में शनिवार रात अचानक बिजली वोल्टेज बढ़ने से दर्जनों बिजली उपकरण जल गए हैं। इन उपकरणों में बल्ब, इंडक्शन चूल्हे, चार्जर आदि शामिल हैं। बिजली वोल्टेज अचानक बढ़ने के कारण ग्रामीणों को नुकसान झेलना पड़ा है। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान की मांग की है।
शनिवार रात को अचानक बढ़े बिजली वोल्टेज से गांव खरूणी की नीलम कुमारी के घर के सात एलईडी बल्ब, सुरेंद्र सिंह के घर के छह बल्ब, सुनील कुमार के घर के दो बल्ब, टीवी का एडॉप्टर, बलवंत सिंह के बिजली बल्ब, लैपटॉप का चार्जर, रविंद्र सिंह के घर के पांच बल्ब, अक्षय कुमार के घर के बल्ब तथा इंडक्शन, उत्तम चंद के घर के सात बल्ब तथा इंडक्शन चूल्हा जल गया। इस प्रकार से ग्रामीणों का हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने इस नुकसान की भरपाई करने की भी गुहार लगाई है। अचानक वोल्टेज बढ़ जाने के बाद बिजली भी गुल हो गई। ग्रामीणों को रात अंधेरे में बितानी पड़ी। उधर, इस बारे में सहायक अभियंता बिजली उपमंडल गलोड़ संजय कुमार ने कहा कि पेड़ की टहनी बिजली की लाइन पर गिरने से समस्या आई थी। लाइन को ठीक कर दिया गया है।