कोरोना के चलते रविवार को बाजार बंद रहने से सड़कों पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिले में शनिवार को मेडिकल कॉलेज के तीन चिकित्सकों समेत 62 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें रैपिड एंटीजन टेस्ट में 19 और आरटीपीसीआर टेस्ट में 43 लोगों की पुष्टि हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि शनिवार को जिले में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 85 सैंपल लिए गए। जिनमें से 19 पॉजिटिव निकले। आरटीपीसीआर टेस्ट में 43 सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में कुल संक्रमित 19465 हो गए हैं। इनमें से एक्टिव केस 1033 हैं, जबकि 18123 कोरोना से ठीक हो चुके हैं। 308 लोगों ने कोरोना के कारण अपनी जान गंवा दी है। वहीं, एक्टिव 1033 में से आठ मरीज ही डीसीएच हमीरपुर में उपचाराधीन हैं और शेष 1025 गृह संगरोध में हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी जिलावासियों से आग्रह किया है कि वे कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए विशेष एहतियात बरतें। मास्क का प्रयोग करें, हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखें तथा कहीं पर भी भीड़ इकट्ठी न करें। डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि खांसी, जुकाम और बुखार के लक्षण आने पर अपने आपको परिवार से अलग कर लें तथा अपना कोरोना टेस्ट अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो वह अपने प्राथमिक संपर्क में आए अन्य सभी लोगों को भी टेस्ट करवाने के लिए प्रेरित करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सभी लोगों का सहयोग बहुत जरूरी है। अगर सभी लोग सावधानी बरतेंगे और जिम्मेदार नागरिक के रूप में सहयोग करेंगे तो कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।