हमीरपुर शहर में अतिक्रमण कर सड़क पर सजाया सामान।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। स्थानीय बाजार में हो रहे अतिक्रमण से शहर की सुंदरता को दाग लग रहा है। वहीं, सड़कों, फुटपाथ और नालियों पर सजे सामान के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य बाजार गांधी चौक, बस स्टैंड, अस्पताल चौक सहित नए रोड किनारे दुकानदार सुबह ही सामान सड़क, फुटपाथ और नालियों पर सजा देते हैं।
जिले का मुख्य बाजार होने के कारण यहां दिनभर वाहनों और लोगों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में अतिक्रमण के कारण सड़कों पर सामान होने से जहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है, वहीं वाहनों को पास लेने में भी समस्या आती है। मुख्य बाजार में सड़क के बीचोंबीच मालवाहक वाहनों को खड़ा करके सामान लोड और अनलोड किया जाता है। जिस कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। हालांकि, शहर में अतिक्रमण की समस्या को दूर करने के नगर परिषद हमीरपुर ने इससे पहले भी गांधी चौक, भोटा चौक, नादौन चौक और बस अड्डे पर निरीक्षण किया था और दुकानदारों को सड़क पर से सामान हटाने के लिए हिदायत दी थी।
अब कई दिनों से कार्रवाई न होने के कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। शहर में अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है। इस बारे में नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज मिन्हास का कहना है कि दुकानदारों को इसके लिए जुर्माना डाला जाएगा। जब टीम निरीक्षण के लिए निकलती है तो दुकानदार अतिक्रमण हटा लेते हैं और बाद में दोबारा करते हैं, लेकिन जल्द ही बैठक में इस मामले पर चर्चा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।