हमीरपुर में चल ही एचआरटीसी की इकलौती ई-टैक्सी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम के हमीरपुर डिपो को चार साल पहले मिली इलेक्ट्रिकल वैन खराब है। वैन की बैटरी में तकनीकी खराबी के कारण यह रूट पर नहीं चल रही हैं। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चार साल पहले हमीरपुर डिपो को चार इलेक्ट्रिकल वैन मिली थीं। यह वैन शहर के लोकल रूटों पर चल रही थी। इनमें से दो वाहन सरकार ने वापस ले लिए बाकी दो वैन में से एक लंबे समय से खराब है। इसमें से महज एक ही वैन चल रही है।
यह इलेक्ट्रिकल वैन हमीरपुर बस स्टैंड से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बड़ू स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय, एनआईटी हमीरपुर, डिग्री कॉलेज अणु और हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के कार्यालयों और आसपास के इलाकों में फायदेमंद साबित हो रही थीं। महज 10 से 15 रुपये सामान्य किराये पर यात्री अपनी यात्रा पर निकालता था। एक इलेक्ट्रिकल वैन की लंबे समय से बैटरी खराब है।
एचआरटीसी के अधिकारी इस बारे में कई बार निर्माता कंपनी मोहिंद्रा मोर्ट्स को चिट्ठियां लिख चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक बैटरी नहीं मिल पाई है। इसके चलते यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इससे एचआरटीसी प्रबंधन को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है। शहरवासी प्रदीप ठाकुर, सुमित ठाकुर, सुशील सोनी, देवेंद्र शर्मा और राहुल कुमार ने कहा कि एचआरटीसी प्रबंधन को शीघ्र इलेक्ट्रिकल वैन को ठीक करवाना चाहिए।
एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के उपमंडलीय प्रबंधक विवेक शर्मा ने बताया कि वैन की बैटरी खराब है। इस बारे में वाहन कंपनी को कई बार कहा गया, लेकिन अभी तक बैटरी उपलब्ध नहीं हो पाई है।