अनूठी पहल : शादियों में देते हैं हरियाली का प्रतीक बरगद का पौधा
पीएचसी जंगलबैरी में दे रहे हैं सेवाएं, पौधा देकर दिया जा रहा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सोनम शर्मा
हमीरपुर। शादियों में अक्सर दूल्हा- दुल्हन को रिश्तेदार, दोस्त, परिजन आदि गिफ्ट देते हैं लेकिन पीएचसी जंगलबैरी में सेवाएं दे रहे चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र डोगरा ने इससे हटकर अनूठी पहल की है। यहां भी वे शादी में शामिल हो रहे हैं वहां वह दुल्हा-दुल्हन व परिवार को गिफ्ट के बजाय पौधा भेंट कर रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण की इस अनूठी पहल की हर कोई सराहना कर रहा है। शादियों में वे बरगद का पौधा अधिक दे रहे हैं क्योंकि जिस तरह बरगद कर पेड़ हर समय हरा भरा रहता है। उसी तरह दूल्हा-दुल्हन के जीवन में भी हरियाली बनी रहे और वातावरण भी सुरक्षित रहे। अन्य सामाजिक समारोहों जहां उन्हें बुलाया जा रहा है वहां पर वह पीपल, बरगद, नीम, बिल आदि के पौधे दे रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र डोगरा ने कहा कि उनका और उनके दोस्तों का निस्वार्थ भाव सेवा संगठन है। इस बार जंगलों में अधिक आग लगने की चर्चा संगठन में की जा रही थी और उस दिन यह ख्याल दिमाग में आया कि क्यों न यह नई मुहिम शुरू की जाए।
ऐसे में जिन भी विवाह, समारोहों व अन्य सामाजिक समारोहों में आमंत्रित किया जाता है वहां पर वह पौधा गिफ्ट में ले जाते हैं और उनके परिवार से उस पौधे का रोपण करवाते हैं। कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर समेत कई जगहों पर पौधे दिए गए हैं। अभी तक 500 के करीब पौधे बांटे जा चुके हैं। चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र डोगरा ने कहा कि 300 के करीब पौधे और आ गए हैं और उन्हें भी बांटा जाएगा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने सभी लोगों से भी आग्रह किया है कि मानवता की सेवा के लिए सभी लोग इस बार अधिक से अधिक पौधरोपण करें क्योंकि इस बार जंगलों में बहुत अधिक आग की घटनाएं सामने आई हैं। इससे बहुत अधिक परेशानी हुई। ऐसे में सभी लोग पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करें।