Dead body of middle-aged found outside bus stand, fear of death due to cold
हमीरपुर। एचआरटीसी बस स्टैंड हमीरपुर के बाहर मंगलवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। अधेड़ की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में व्यक्ति बस अड्डे के बाहर ही सो गया था और रात को अत्यधिक ठंड के चलते उसकी मौत हो गई है।
मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा। मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बस अड्डा हमीरपुर के बाहर कोई व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है और उसका शरीर ठंड के चलते अकड़ गया है। सोमवार रात को जिले में धुंध पड़ी थी और मंगलवार तड़के बारिश भी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शव की शिनाख्त करने में जुट गई। दोपहर बाद शव की पहचान जोगिंद्र (50) निवासी बिहार के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें इस बात की सूचना दी।
परिजनों के इंतजार में मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। थाना प्रभारी सदर निर्मल सिंह ने कहा कि मंगलवार सुबह बस अड्डे के बाहर शव मिला है। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। जब शव मिला था तो ठंड के कारण अकड़ा हुआ था। परिजनों को सूचना दे दी गई है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।