Dead body of a person who came to relatives' house was found in the fields
हमीरपुर। पुलिस चौकी टौणी देवी के तहत कसवाड़ ग्वारड़ू गांव के खेतों में एक व्यक्ति का शव मिला है। व्यक्ति अपने दूर के रिश्तेदारों के घर आया था और सोमवार शाम को ही यहां से वापस अपने घर जाने की बात कहकर निकला था। मंगलवार सुबह खेतों में ग्रामीणों ने जब इसका शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इसका पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में करवाया।
मृतक की पहचान कश्मीर सिंह (42) पुत्र स्वर्गीय बंशी राम निवासी गांव बैंजी डाकघर गोपालपुर तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई है। कश्मीर नवाही देवी के पास मोंही गांव में मोटर मेकेनिक की दुकान करता था। वह कसवाड़ स्थित अपने दूर के रिश्तेदारों के घर आया था। सोमवार शाम को वह वहां से अपने घर वापस जाने के लिए निकल गया, लेकिन घर नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेतों में व्यक्ति का शव देखा है।
व्यक्ति के मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा व बेटी छोड़ गया है। पुलिस चौकी टौणी देवी के प्रभारी इंद्रजीत का कहना है कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है। शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं हैं।