हमीरपुर। निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर स्थित जोलसप्पड़ में जल्द ही क्रिटिकल केयर यूनिट बनेगी। इसकी डीपीआर तैयार कर ली गई है।
इस यूनिट में दुर्घटना में घायल या गंभीर बीमारी से ग्रसित रोगी के सीधे पहुंचने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण पर करीब चार करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए सरकार को भेजी गई है। यूनिट में करीब 50 बिस्तरों की सुविधा होगी। यूनिट में सर्जरी और मेडिसिन सहित अन्य चिकित्सक 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे, ताकि मरीज को तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी और उसकी जान बचाई जा सकेगी।
क्रिटिकल केयर यूनिट के आईसीयू में भर्ती मरीज को फायदा होने पर उन्हें वार्डों में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इससे अन्य मरीजों को जगह मिल सकेगी। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने बताया कि जोलसप्पड़ में क्रिटिकल केयर यूनिट बनाई जाएगी। लगभग चार करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा।
बॉक्स
यह है क्रिटिकल केयर यूनिट
सीसीयू एक विशेष अस्पताल वार्ड है, जो गंभीर रूप से बीमार या घायल रोगियों को गहन चिकित्सा देखभाल और निगरानी देता है। यहां डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों की एक टीम होती है, जो गंभीर रूप से बीमार रोगियों की देखभाल करने में प्रशिक्षित होते हैं। यहां वेंटिलेटर, मॉनिटर और अन्य चिकित्सा उपकरण होते हैं। इनके माध्यम से रोगियों की 24 घंटे निगरानी की जाती है। साथ ही स्वास्थ्य में किसी प्रकार के बदलाव को तुरंत पहचान कर मदद की जाती है।