पुलिस थाना सदर के अंतर्गत नाल्टी के एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
अनिल कुमार (35) पुत्र वेद प्रकाश निवासी नाल्टी ने रविवार सुबह अपने घर में छत के कुंडे से रस्सी बांध फंदा लगा लिया। अनिल काफी देर तक घर के बाहर नहीं दिखा तो परिजन उसे देखने उसके कमरे में गए।
इस दौरान उन्होंने अनिल को कमरे की छत पर लगे कुंडे से लटका देखा। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस थाना सदर में की। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया। उसे पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर ले जाया गया।
मृतक के पिता वेद प्रकाश का कहना है कि अनिल सुबह के समय सामान्य था। इसके चलते मौत के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक का करीब पांच वर्षीय बेटा और एक साल की बेटी है। थाना प्रभारी कुलदीप कुमार का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।