पुलिस थाना सदर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित ज्वेलरी शॉप में चोरों ने ताले तोड़ नौ किलोग्राम चांदी और करीब दो लाख रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया। ज्वेलर को चोरी की भनक सुबह करीब सवा नौ बजे लगी।
जब उसने दुकान खोली तो दुकान से चांदी और नकदी गायब थी। काउंटर के शीशे टूटे हुए थे। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू कर दी है। शाम के समय मंडी की एफएसएल टीम ने दुकान पर पहुंच कर अहम सबूत जुटाए।
दुकान के मालिक सुशील कुमार बग्गा ने कहा कि वीरवार शाम करीब सवा सात बजे उसने दुकान बंद की और घर चला गया। शुक्रवार सुबह वह दुकान पहुंचा तो शट्टर का ताला टूटा पड़ा था। जब उसने शट्टर खोला तो टूटे काउंटर और बिखरे सामान को देख वह दंग रह गया।
सुशील ने बताया कि दुकान से करीब नौ किलो चांदी और दो लाख रुपये की नकदी गायब है। इसकी सूचना उसने पुलिस थाना सदर में दी। पुलिस अधीक्षक अजय सिंह बौद्ध और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शाम तक मंडी से पहुंची एफएसएल टीम ने भी दुकान से अहम सबूत जुटाए। पुलिस ने दुकान के मालिक से चोरी चांदी और नकदी के बिल मांगे ताकि चोरी सामान की पुष्टि हो सके।
रात्रि गश्त पर उठे सवाल
थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई चोरी ने पुलिस के रात्रि गश्त के दावों की पोल खोल दी है। इससे पहले धनेटा में भी अलग-अलग चार वारदातों में करीब एक दर्जन दुकानों के ताले टूट चुके हैं। इनके आरोपियों को पुलिस अब तक नहीं पकड़ पाई है।
ज्वेलर शॉप से चोरी चांदी और नकदी के बिल मंगवाए हैं। बिल आने के बाद ही चोरी ज्वेलरी और नकदी का पता चल सकेगा।
- डॉ. शिव कुमार, एएसपी हमीरपुर