बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत पुलिस ने नशे के कारोबार में संलिप्त दो दुकानों में छापामारी कर 150 ग्राम चरस, 52970 रुपये नकद और प्रतिबंधित इंजेक्शन तथा तंबाकू पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों दुकान संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, प्रतिबंधित इंजेक्शन बेचने वाले दुकानदार का मामला ड्रग इंस्पेक्टर को भी सौंपा है।
उपमंडल बड़सर में पुलिस ने नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसते हुए छापामारी के दौरान 150 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। इसके अलावा एक अन्य मामले में प्रतिबंधित ऑक्सीटॉक्सिन के इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। उपमंडल के कई स्थानों से पुलिस को नशे का कारोबार करने की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखकर छापामारी की। उपमंडल के बणी बाजार में दुकान चला रहे विक्रम सिंह पुत्र सुखराम गांव अरलोह डाकघर कनोह की दुकान से छापामारी के दौरान पुलिस ने 150 ग्राम चरस और 52970 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा हरसौर में दुकान चलाने वाले मदनलाल पुत्र खजाना राम के पास से प्रतिबंधित इंजेक्शन और तंबाकू उत्पाद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर को मामला सौंप दिया है। एसएचओ बड़सर जगदीश चंद का कहना है कि पुलिस टीम ने बणी में छापामारी के दौरान 150 ग्राम चरस और 52970 रुपये नकद बरामद करके आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जबकि हरसौर से प्रतिबंधित इंजेक्शन और तंबाकू उत्पाद जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जबकि, ड्रग इंस्पेक्टर को भी मामला सौंप दिया है।