जलालाबाद। क्षेत्र के गांव खानपुर के निकट रजबहे की पटरी पर तीन बदमाशों ने बाइक से जा रह ग्रामीण से मारपीट कर रुपये से भरा बैग, मोबाइल लूट लिया।
शुक्रवार को क्षेत्र के ग्राम खानपुर निवासी अरविंद शर्मा कस्बा जलालाबाद में किसी काम से आए थे। शाम को वह बाइक से गांव खानपुर लौट रहे थे। जब वे रास्ते में अहमदपुर रजबहे की पटरी पर पहुंचे तो पीछे आए तीन बदमाशों ने उसकी बाइक में टक्कर मारकर गिरा दिया। उससे मारपीट करते हुए बैग, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया। पीड़ित के मुताबिक बैग में करीब 25 हजार रुपये थे। पीड़ित ने घटना की सूचना चौकी प्रभारी पवन कुमार सैनी को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। चौकी प्रभारी का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।