अवाहदेवी (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत पड़ती पुलिस चौकी अवाहदेवी की ग्राम पंचायत दाड़ी के धरौन गांव में किराये के कमरे में रहने वाले एक प्रवासी मजदूर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सूचना मिलते ही पुलिस चौकी से टीम घटनास्थल पर भेज दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।
अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतक की पहचान कपिल (22) पुत्र अच्छे लाल गांव बिडबाड़ डाकघर हरोली, जिला कुशीनगर (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। वह हमीरपुर जिले की दाड़ी पंचायत के धरौन गांव में किराये के कमरे में रहता था। कपिल यहां टाइल और मार्बल लगाने का काम करता था और अविवाहित था। कपिल हर दिन अपने मकान मालिक के घर से दूध लेता था। शुक्रवार शाम को जब वह दूध लेने नहीं आया तो उसके मकान मालिक ने उसे कमरे के बाहर से दूध लेने के लिए आवाज लगाई। जब कपिल ने आवाज का जवाब नहीं दिया तो मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया लेकिन, दरवाजा भी अंदर से बंद था। उन्होंने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो कपिल फंदे से झूल रहा था। इसकी सूचना मकान मालिक ने अवाहदेवी पुलिस चौकी में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे को खोला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीएसपी बड़सर जसवीर सिंह ठाकुर का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।