नादौन(हमीरपुर)। नादौन लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह के बाहर नेशनल हाईवे पर वीरवार को एक निजी बस और कार में आमने सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोर की थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कार में सवार पिता और पुत्र घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नादौन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर केस दर्ज कर लिया है।
घायल 33 वर्षीय विपिन कुमार निवासी गांव समोह घुमारवीं ने बताया कि वह अपने पांच वर्षीय बेटे अंशुल के साथ अपनी कार में सवार हो कर कांगड़ा से अपने घर जा रहा था कि नादौन ब्यास पुल के पास सामने से आ रही निजी बस के साथ टक्कर हो गई। वहीं बस चालक मंजीत सिंह तथा परिचालक बालक राम ने बताया कि वह बस लेकर नादौन से ज्वालामुखी की ओर जा रहे थे। इस दौरान लोनिवि के विश्रामगृह के बाहर एनएच पर सामने से तेज गति से आ रही कार ने बस को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने कार की तेज गति को देखते हुए पहले ही ब्रेक लगा दी थी, लेकिन कार चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया और यह हादसा हो गया। दुर्घटना के दौरान दिल्ली स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स अनुराधा निवासी सिल्ह ने घायलों का मौके पर ही उपचार किया। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर काफी लंबा जाम लग गया। जिसे पुलिस ने मौका पर आकर खुलवाया। थाना प्रभारी महेंद्र परमार ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।