सुजानपुर थाना में दुष्कर्म का मामला दर्ज
युवती और युवक रहते थे लिव इन रिलेशनशिप में
युवक पहले से ही था विवाहित, युवती से शादी करने को मना करने पर विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। पुलिस थाना सुजानपुर में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक-युवती में आपसी झगड़े के बाद युवती ने यह मामला थाने में दर्ज करवाया है। युवक और युवती बीते तीन सालों से एक साथ रहते थे।
करीब 20 दिन पूर्व वह यहां किराये के कमरे में रहने लगे। युवक पहले से ही शादीशुदा था और जब युवती ने उसे उसके साथ शादी करने को कहा तो वह मुकर गया। इस पर युवती ने उसके खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की शिकायत पुलिस थाना सुजानपुर में दर्ज करवा दी। एसएचओ सुजानपुर सुभाष शास्त्री ने कहा कि मामला दर्जकर लिया गया है। युवती के बयान कोर्ट में करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।