डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत बरोहा में पंचायतघर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस पर 45 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। रविवार को पंचायत घर का निर्माण कार्य शुरू हुआ। इससे ग्रामीणों को पंचायतघर की सुविधा मिलेगी। पंचायत घर का अति आधुनिक सुविधाओं से लेस होगा। पंचायत घर में सचिव कक्ष, तकनीकी कक्ष, प्रधान कक्ष, बैठक हाल, रसोई घर व शौचालय बनेगा। इससे पंचायतवासियों को सामाजिक समारोह आयोजन की भी सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों तिलकराज, सुरेंद्र कुमार, सुभाष कुमार, भूपेंद्र सिंह, पूर्व पंचायत उप प्रधान कश्मीर सिंह, पूर्व पंचायत उपप्रधान अमरसिंह आदि ने कहा कि काफी समय से पंचायतघर बनाने की मांग कर रहे थे लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं हो पा रही थी। पूर्व में पुराने पंचायतघर में कार्य कराने में काफी दिक्कत होती थी। अब नए पंचायत घर के बनने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। इस बारे में पंचायत प्रधान निर्मला पटियाल ने कहा कि पंचायत घर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई थी। अब निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। शीघ्र ही पंचायत को नए पंचायतघर की सुविधा मिलेगी।