एसडीएम कार्यालय में शिकायत पत्र देने के बाद बूणी गांव की महिलाएं। संवाद
नादौन (हमीरपुर)। विकासखंड नादौन के बूणी गांव के बाशिंदों ने मंगलवार को पेयजल टैंक से जबरन कनेक्शन लेने पर एसडीएम अपराजिता चंदेल को शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत पत्र में वार्ड पंच लीला देवी, रक्षा देवी, सरोज, नीना, निशा, कंचन, अनीता, उषा, सुमन, सपना, चंचल, शशि ने कहा कि उनके गांव में हमेशा पेयजल किल्लत रहती थी। कुछ समय पूर्व गांव वालों ने पेयजल टैंक बनवाने के लिए अपनी भूमि दान में देकर इसे बनवाया था।
टैंक बनने के बाद उनके गांव की पेयजल समस्या काफी हद तक हल हो गई थी लेकिन कुछेक लोगों ने विभाग से अनुमति लिए बिना निजी तौर पर पेयजल टैंक से पानी के कनेक्शन ले लिए हैं। अब गर्मियों का मौसम आ रहा है। ऐसे में पेयजल किल्लत हो सकती है। उन्होंने मांग की है कि जबरन कनेक्शन लेने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा उन्हें इस समस्या से निजात दिलाई जाए। इस संबंध में एसडीएम अपराजिता चंदेल ने कहा कि विभाग को मामले की छानबीन करने का निर्देश दिया जाएगा, ताकि लोगों को समस्या का सामना न करना पड़े।